लखनऊ , जुलाई 20 -- राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित बहुमंजिला सरकारी कार्यालय परिसर जवाहर भवन में सोमवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के समय भवन के विभिन्न कार्यालय खुल चुके थे और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे। समय रहते पूरे भवन को खाली करा लिया गया, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग सुबह करीब 10 बजे लगी और देखते ही देखते जवाहर भवन की पांचवीं मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। आग से उठता काला धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया।

पुलिस ने एहतियात के तौर पर भवन के आसपास का क्षेत्र घेर लिया तथा यातायात को नियंत्रित किया, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। प्रत्यक्षदर्शी हिमांशु पांडेय ने बताया कि आग जवाहर भवन स्थित कोषागार कार्यालय की पांचवीं मंजिल पर बने कैंटीन क्षेत्र से शुरू हुई और तेजी से फैल गई।

उन्होंने दावा किया कि भवन में लगे अग्निशमन उपकरण आग पर काबू पाने में पर्याप्त साबित नहीं हुए। हालांकि सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

हजरतगंज के सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश कुमार ने बताया कि आग की शुरुआत कोषागार कार्यालय से हुई प्रतीत होती है। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। उन्होंने कहा कि आग पूरी तरह बुझने के बाद विस्तृत जांच कराई जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि एहतियातन पूरे भवन को खाली करा लिया गया था, जिससे जनहानि टल गई। समाचार लिखे जाने तक किसी के घायल होने या मृत्यु की सूचना नहीं थी। दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने और यह सुनिश्चित करने में जुटे थे कि आग भवन के अन्य हिस्सों में न फैले।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित