हरिद्वार , अक्टूबर 14 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में नवरात्र और दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने लक्सर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। संघीपुर गढ़ी स्थित पनीर निर्माण इकाई पर छापेमारी के दौरान करीब तीन कुंतल तैयार पनीर, छह कुंतल सेमी प्रोसेस्ड पनीर और 90 किलोग्राम पामोलीन ऑयल नष्ट कराया गया। विभाग ने इकाई को अग्रिम आदेशों तक बंद कराते हुए उसका खाद्य लाइसेंस भी निलंबित कर दिया है। मामले का खुलासा विभाग ने बुधवार को किया है।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर मंगलवार देर रात तथा बुधवार सुबह यह कार्रवाई की गई। उपायुक्त गढ़वाल राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मौके पर पनीर निर्माण में स्किम्ड मिल्क पाउडर और पामोलीन ऑयल का इस्तेमाल पाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित