हरिद्वार , सितंबर 23 -- उत्तराखंड में ऑपरेशन प्रहार के तहत लक्सर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुधवार को पांच हजार रुपये के इनामी वांछित नशा तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ लक्सर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत लक्सर पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई। जिसके चलते पुलिस ने आजाद पुत्र शकिल, निवासी लादपुर खुर्द, लक्सर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत अभियोग दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित