हरिद्वार , अप्रैल 23 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जनपद में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के तहत गुरुवार को कोतवाली लक्सर पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश का समय रहते खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक,19 अप्रैल को प्रवीण कुमार निवासी ग्राम हबीबपुर कुड़ी, लक्सर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात नंबर से उनसे 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर कोतवाली लक्सर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान रायसी क्षेत्र में संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में मुख्य आरोपी विकास उर्फ ठाकुर ने बताया कि उसने अपने साथी आशिफ के जरिए प्रवीण कुमार से फिरौती की मांग करवाई थी। रकम न मिलने पर तीनों आरोपी मिलकर हत्या की योजना बना रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास उर्फ ठाकुर,आशिफ और मुराद अली के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी विकास का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित