रायपुर, 03 मार्च 2026 ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाए जाने पर लक्ष्मी वर्मा को बधाई दी है और उनका अनुभव संसद के उच्च सदन में प्रदेश की आवाज को मजबूती देगा।

भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची आज जारी कर दी है। पार्टी ने छत्तीसगढ़ से वरिष्ठ नेता लक्ष्मी वर्मा को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है।

बलौदाबाजार जिले के सिमगा प्रखंड के ग्राम मुड़पार की निवासी श्रीमती वर्मा वर्ष 1990 से भाजपा से जुड़ी हुई हैं। शुरुआती दौर में सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने संगठन में अपनी अलग पहचान बनाई। वर्ष 2000 में उन्हें तत्कालीन रायपुर सांसद रमेश बैस का सांसद प्रतिनिधि नियुक्त किया गया। इसके बाद महिला मोर्चा, पंचायती राज प्रकोष्ठ और प्रदेश संगठन में उन्हें लगातार महत्वपूर्ण दायित्व मिलते रहे।

वर्ष 2021 से 2025 तक वे पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष रहीं। साथ ही संगठन प्रभारी और मीडिया प्रवक्ता के रूप में भी उन्होंने जिम्मेदारी निभाई।

श्रीमती वर्मा ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत नगरीय निकाय राजनीति से की। वर्ष 1994 में वे रायपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 7 से पार्षद निर्वाचित हुईं। वर्ष 2010 में रायपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष बनीं।

वर्ष 2019 में उन्होंने इस्पात मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक उपक्रम एफएसएनएल में स्वतंत्र निदेशक के रूप में कार्य किया। वर्तमान में सात अक्टूबर 2024 से वे छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य के रूप में दायित्व निभा रही हैं।

सामाजिक सरोकारों से जुड़ाव राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। वे विभिन्न महिला, युवा और श्रमिक संगठनों से जुड़ी रही हैं। पंचायत, श्रम पुनर्वास, पारिवारिक परामर्श और किसान संगठनों में भी उन्होंने योगदान दिया है।

कुर्मी समाज में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। समाज के विभिन्न प्रांतीय और राष्ट्रीय पदों पर रहते हुए उन्होंने संगठनात्मक कार्यों को विस्तार दिया है। वर्तमान में वे अखिल भारतीय स्तर पर भी सामाजिक दायित्व निभा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित