अमृतसर , सितंबर 23 -- पंजाब में अमृतसर के श्री दुर्ग्याणा कमेटी की अध्यक्ष लक्ष्मीकांता चावला ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पंजाब सहित देश के विभिन्न हिस्सों में आवारा कुत्तों के हमलों की बढ़ती घटनाओं पर गंभीरता से संज्ञान लेने और लोगों को इससे सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की अपील की है।
प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में श्रीमती चावला ने बुधवार को कहा कि पंजाब में पिटबुल और अन्य आवारा कुत्तों के हमलों में लोगों के घायल होने और मौत की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने हाल में लुधियाना में छह माह के बच्चे को पिटबुल द्वारा घायल किए जाने तथा सातवीं कक्षा के एक बच्चे पर हमले का उल्लेख करते हुए उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से प्रभावित परिवारों की पीड़ा को देखते हुए केंद्र सरकार को इस समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। श्रीमती चावला ने सवाल उठाया कि कुत्ते के हमले में किसी व्यक्ति के घायल या मृत्यु होने की स्थिति में पीड़ितों की सुरक्षा और अधिकारों के लिए पर्याप्त कानूनी व्यवस्था क्यों नहीं है।
उन्होंने प्रधानमंत्री से पंजाब और देश के अन्य हिस्सों में लोगों को आवारा एवं खतरनाक कुत्तों के हमलों से बचाने के लिए आवश्यक हस्तक्षेप करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित