रामनगर , जनवरी, 13 -- उत्तराखंड के रामनगर के पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की 24 यूके गर्ल्स बटालियन एनसीसी सब यूनिट की अंडर ऑफिसर आकांक्षा बिष्ट ने लक्षद्वीप में आयोजित विशेष राष्ट्रीय एकीकरण शिविर (स्पेशल नेशनल इंटीग्रेशन कैंप) में हिस्सा लेकर कर महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

आकांक्षा का चयन इस प्रतिष्ठित शिविर के लिए बटालियन स्तर पर किया गया था। शिविर में प्रतिभाग करने के उपरांत आकांक्षा बिष्ट ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि लक्षद्वीप में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के शिविर ने उन्हें राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और नेतृत्व कौशल को नजदीक से समझने का अवसर प्रदान किया।

उन्होंने कहा कि इस कैंप के दौरान उन्होंने उत्तराखंड राज्य की समृद्ध संस्कृति, लोक संगीत, पारंपरिक नृत्य और परंपराओं को देश के विभिन्न राज्यों से आए कैडेट्स के समक्ष प्रस्तुत किया।आकांक्षा ने बताया कि इस शिविर में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए एनसीसी कैडेट्स ने मिलकर कार्य किया, जिससे एक-दूसरे की संस्कृति, भाषा और जीवन शैली को समझने का अवसर मिला। यह अनुभव उनके लिए न केवल शैक्षणिक बल्कि व्यक्तिगत रूप से भी अत्यंत प्रेरणादायक और रोमांचक रहा। उन्होंने कहा कि कैंप ने उन्हें राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक सद्भाव का वास्तविक अर्थ समझाया।

शिविर के दौरान कैडेट्स के लिए स्कूबा डाइविंग, स्नॉर्कलिंग, कायाकिंग और ग्लास बोटिंग जैसी विशेष साहसिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिससे कैडेट्स में आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास हुआ।

इस अवसर पर एएनओ लेफ्टिनेंट (डॉ.) कृष्णा भारती ने बताया कि इस शिविर में देश के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 195 कैडेट्स ने हिस्सा किया जिससे सभी को विविध संस्कृतियों को जानने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का अवसर मिला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित