भरतपुर , सितम्बर 13 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर में तीन दिवसीय रणथंभौर त्रिनेत्र गणेश लक्खी मेले के दूसरे दिन रविवार को 14 किलोमीटर का पैदल सफर तय करके श्रद्धालु पैदल जत्थों के साथ त्रिनेत्र गणेश मंदिर पहुंच रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पैदल यात्रियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू होने के साथ ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। त्रिनेत्र गणेश का मुख्य मेला सोमवार को रहेगा जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस, प्रशासन, वन विभाग और मन्दिर ट्रस्ट पूरी तरह से सजग है।
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी संख्या में निशुल्क भंडारा स्टालों पर श्रद्धालुओं को पूड़ी, सब्जी, पोहा, कचौरी, पेठा, कोफ्ते, शिकंजी, जलजीरा वितरित किए जा रहे हैं। पुलिस ने भी सायबर ठगी के प्रति जागरूकता के लिए सेल्फी स्टाल लगाई है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोडवेज ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। इसी के साथ ही जयपुर से सवाई माधोपुर के बीच विशेष ट्रेन भी संचालित की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित