टोंक , सितम्बर 17 -- राजस्थान में टोंक जिले के सदर थाना क्षेत्र में देवधाम जोधपुरिया में चल रहे लक्खी मेले के दौरान बुधवार रात्रि करंट लगने से एक युवक की मौत हो गयी।
पुलिस नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य मंदिर के पास लगी लोहे की रेलिंग में अचानक करंट दौड़ गया। करंट की चपेट में आने से जयपुर के पीयूष गुर्जर (20) की मौत हो गयी। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने शव जिला अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उधर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने देवधाम जोधपुरिया में चल रहे लक्खी मेले के दौरान हुए करंट हादसे में जयपुर के श्रद्धालु पीयूष गुर्जर की मौत पर गुरुवार को दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना बेहद दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शोकाकुल परिजनों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करें एवं दिवंगत की आत्मा को शांति प्रदान करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित