देहरादून , दिसंबर 09 -- उत्तराखंड पुलिस की सीआईडी ने हरिद्वार जिले में लाखों रुपए की धोखाधड़ी करके फरार चल रहे आरोपी अनिल कुमार तिवारी को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार हरिद्वार जिले के ज्वालापुर में धेनु एग्रो प्रोड्यूसर लिमिटेड का संचालक स्थानीय नागरिकों के साथ आरडी,एफडी के नाम पर आर्थिक धोखाधड़ी करके लंबे समय से फरार चल रहा था।

जिसके बाद उत्तराखंड पुलिस की सीआईडी की इकोनामिक ऑफिन्सेस विंग ने पचास हजार रुपए के इनामी कानपुर निवासी अनिल कुमार तिवारी को महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण से गिरफ्तार किया है। इस मामले में हरिद्वार के ज्वालापुर की थाना कोतवाली मे विभिन्न धाराओं में मुकदमा भी पंजीकृत किया गया था।

हरिद्वार जिले में संचालित की जा रही इस कंपनी ने आरडी फिक्स्ड डिपॉजिट करने के नाम पर विभिन्न बॉन्ड और सर्टिफिकेट जारी करके लगभग 12 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी को अंजाम दिया था।

कंपनी के संचालकों अनिल कुमार तिवारी और देवेंद्र प्रकाश तिवारी की धोखाधड़ी में संलिप्तता पाये जाने के बाद उन पर उत्तरांचल निक्षेपक हित अधिनियम 2005, चिट फंड और धन परिचालन अधिनियम 1978 और भारतीय रिजर्व बैंक अधिनियम के संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

लोगों के साथ आर्थिक धोखाधड़ी करके फरार चल रहे दोनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया,और उनकी तलाश शुरू कर दी।उनके उत्तर प्रदेश मे कानपुर जिले के संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी गई लेकिन वहां भी सफलता नहीं मिली।

दोनों करीब सात सालों से फरार चल रहे थे, उन पर विभिन्न जिलों में 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज पाये गये , इनमे 9 मुकदमे उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में दर्ज है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जाते रहे और संभावित ठिकानों पर पुलिस टीमे भेजी गई।

तभी इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि अनिल कुमार तिवारी मुंबई के ठाणे में रह रहा है। जिसके बाद सीआईडी देहरादून के डिविजनल ऑफीसर मनोज कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित करते हुए सूचना के आधार पर उसे 7 दिसंबर को मुंबई के ठाणे से गिरफ्तार कर लिया है। उसको हरिद्वार लाने की तैयारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित