, Nov. 8 -- बीजिंग, 08 नवंबर (वार्ता/स्पूतनिक) चीन ने खोखले कोर वाले फाइबर ऑप्टिक केबल के जरिए 1,000 किलोमीटर से अधिक दूरी तक दुनिया का पहला दोतरफा रियल टाइम डाटा संचरण परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया है।
इस परीक्षण में 1,007.48 किलोमीटर लंबे फाइबर लिंक के जरिए एक साथ दोनों दिशाओं में 64 टेराबिट प्रति सेकंड (टीबीपीएस) की गति से डेटा का संचार किया गया। यह क्षमता प्रति सेकंड 50 जीबी आकार की 160 4के फिल्मों को अपलोड और डाउनलोड करने के बराबर है।
परीक्षण के दौरान एक दिशा में 1,000 किलोमीटर से अधिक दूरी तक डाटा पहुंचने में केवल 3.43 मिलीसेकंड का समय लगा। पारंपरिक ठोस कोर फाइबर की तुलना में खोखले कोर फाइबर से डाटा संचरण में विलंबता (लेटेंसी) लगभग 30 प्रतिशत तक कम की जा सकती है।
इस परीक्षण ने अब तक के सर्वश्रेष्ठ ठोस कोर फाइबर की तुलना में डाटा संचरण क्षमता दोगुनी और दूरी 60 प्रतिशत अधिक हासिल की। वहीं, इसी प्रकार के खोखले कोर फाइबर के पिछले परीक्षणों की तुलना में संचरण दूरी 50 गुना बढ़ गई।
इस तकनीक में पहले से इस्तेमाल हो रहे संचरण उपकरणों का ही उपयोग किया जा सकता है। इसे शेनझेन-हांगकांग सीमा पार वाणिज्यिक वित्तीय समर्पित संचार लाइन में पहले ही तैनात किया जा चुका है। इसके अलावा एशिया और यूरोप में 10 से अधिक वाणिज्यिक एवं प्रायोगिक परियोजनाओं में इसका इस्तेमाल किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित