भिवानी , अगस्त 04 -- हरियाणा के भिवानी में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले मंगलवार को हजारों कच्चे कर्मचारियों , शिक्षकों और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर शहर में जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन से पहले कर्मचारी नेहरू पार्क में एकत्रित हुए और वहां से रैली निकालते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। बाद में मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।

प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान सुमेर सिंह आर्य ने की जबकि संचालन जिला सचिव धर्मवीर सिंह भाटी ने किया। इस दौरान कर्मचारी संगठनों, शिक्षक संगठनों, रोडवेज, बिजली निगम, अग्निशमन विभाग , किसान सभा और अन्य संगठनों के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों को संबोधित किया।

वक्ताओं ने कहा कि हरियाणा सरकार के विभिन्न विभागों, बोर्डों, निगमों और स्वायत्त संस्थाओं में वर्षों से कार्यरत कच्चे कर्मचारी और शिक्षक नियमित कर्मचारियों की तरह सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक नियमितीकरण, समान वेतन और अन्य सेवा लाभ नहीं मिले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों की मांगों की लगातार अनदेखी कर रही है, जिससे उनमें भारी नाराजगी है।

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार समय-समय पर नियमितीकरण संबंधी नीतियां बना चुकी है और उच्च न्यायालय व सर्वोच्च न्यायालय के विभिन्न निर्णय भी पात्र कर्मचारियों के नियमितीकरण का समर्थन करते हैं। इसके बावजूद इन नीतियों और न्यायिक आदेशों को प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित