चंडीगढ़ , अगस्त 25 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार द्वारा लंबित महंगाई भत्ते (डीए) का भुगतान नहीं किये जाने के विरोध में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों द्वारा 27 अगस्त को सामूहिक आकस्मिक अवकाश सहित प्रस्तावित 'महा हड़ताल' को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है।

पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने मंगलवार को कहा कि कर्मचारियों और पेंशनरों को बार-बार मांग उठाने तथा लंबे समय से उनके जायज बकाये का भुगतान नहीं होने के कारण यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

श्री ढिल्लों ने कहा कि पंजाब सरकार अब प्रशासनिक कारणों या किसी अन्य बहाने के पीछे नहीं छिप सकती, क्योंकि लंबित डीए के मामले में न्यायपालिका का फैसला आ चुका है। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार की दलीलों को खारिज करते हुए लंबित डीए जारी करने के निर्देश दिये थे। इसके बाद पंजाब सरकार ने मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली डबल बेंच के समक्ष फैसले को चुनौती दी, लेकिन पहले के निर्णय को बरकरार रखा गया।

उन्होंने कहा, "यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और पीड़ादायक है कि बार-बार न्यायिक आदेश आने के बावजूद भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार अपने कर्मचारियों और पेंशनरों के जायज अधिकारों की अनदेखी कर रही है। दशकों तक राज्य की सेवा करने वाले कर्मचारियों के प्रति सरकार का यह रवैया उसकी असंवेदनशीलता को दर्शाता है। "भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि न्यायिक निर्देशों का पालन नहीं किये जाने के कारण अब अवमानना की कार्यवाही तक मामला पहुंच गया है, जो गंभीर विषय है और इसे इस स्तर तक नहीं पहुंचना चाहिए था।

श्री ढिल्लों ने पंजाब सरकार से मांग की कि लंबित डीए का पूरा बकाया तत्काल जारी किया जाये और अदालतों के निर्देशों का बिना किसी और देरी के पालन किया जाये। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक सुरक्षा, सम्मान और न्याय मिलना चाहिए तथा सरकार को उन्हें उनके कानूनी और जायज अधिकारों के लिए बार-बार संघर्ष करने के लिए मजबूर करना बंद करना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित