टिहरी , जून 11 -- उत्तराखंड के टिहरी गढवाल जिले के लंबगांव क्षेत्र में दलित युवक की हत्या के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने शिकंजा कसते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चल रही जांच के दौरान गुरुवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व लंबगांव क्षेत्र में एक दलित युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया था। परिजनों और स्थानीय लोगों ने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा एससी-एसटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ था और पुलिस पर जल्द कार्रवाई का दबाव भी था।

पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के आधार पर फरार चल रहे आरोपी सचिन पंवार (27) निवासी खोलगढ़ वल्ला, तहसील प्रतापनगर को आज सुबह करीब साढ़े आठ बजे चौंधार तिराहा लंबगांव से गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि वह घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन का चालक था और वारदात के दौरान उसकी भूमिका सामने आई है।

इसी क्रम में पुलिस ने सुमित प्रसाद (21) निवासी ग्राम धान्यो, मयाली, थाना अगस्त्यमुनि, रुद्रप्रयाग को भी गिरफ्तार किया। बताया गया कि वह मुख्य आरोपी यशवीर सिंह पंवार के साथ जेसीबी मशीन पर कार्य करता था और खोलगढ़ स्थित उसके मकान में किराये पर रह रहा था। पुलिस टीम ने उसे बुधवार देर रात उसके ठिकाने से दबोच लिया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों आरोपियों की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच को वैज्ञानिक आधार देने के लिए 10 जून को फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए थे। इन साक्ष्यों की रिपोर्ट भी विवेचना में अहम भूमिका निभाएगी।

एसएसपी चौबे ने कहा है कि मामले की जांच पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित