नयी दिल्ली , अक्टूबर 21 -- भारतीय पहलवान से एमएमए फाइटर बने संग्राम सिंह 19 दिसंबर 2026 को लंदन में होने वाली फाइटस्टार चैंपियनशिप 39 में मुकाबला करेंगे। यह आयोजन लंदन के इंडिगो एट द ओ2 में होगा, जहां संग्राम का सामना माल्टा के वॉलोचॉन से होगा। इस मुकाबले को कॉमनवेल्थ खिताब के लिए होने वाले मुकाबले के रूप में प्रचारित किया जा रहा है।

दो बार कॉमनवेल्थ हेवीवेट कुश्ती चैंपियन रह चुके संग्राम सिंह ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (एमएमए) में भी शानदार शुरुआत की है। वह अब तक अपने चारों पेशेवर मुकाबले जीत चुके हैं। उन्होंने सितंबर 2024 में जॉर्जिया में आयोजित गामा इंटरनेशनल फाइटिंग चैंपियनशिप में पाकिस्तान के अली रज़ा नासिर को महज 90 सेकंड में हराकर एमएमए में पदार्पण किया था। इसके बाद उन्होंने ट्यूनीशिया के हकीम त्राबेल्सी और फ्रांस के फ्लोरियन कूडियर को शिकस्त दी और कुआलालंपुर, मलेशिया में स्ट्राइक एशिया चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।

19 जुलाई 2026 को अपने पिछले मुकाबले में संग्राम ने पाकिस्तान के मोहम्मद आबिद अली को सिर्फ 80 सेकंड में नॉकआउट कर स्ट्राइक एशिया चैंपियनशिप जीती। इस जीत ने अंतरराष्ट्रीय एमएमए सर्किट पर उनकी स्थिति को और मजबूत किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित