बहराइच , मई 19 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की 23 वर्षीय युवती नैना ने लंदन के प्रतिष्ठित रॉयल अल्बर्ट हॉल में आयोजित किंग्स ट्रस्ट समारोह में "अमल क्लूनी महिला सशक्तिकरण पुरस्कार" प्राप्त कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। सम्मान मिलने के बाद मंगलवार को नैना ने बहराइच कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी से शिष्टाचार भेंट की।जिलाधिकारी ने नैना को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल नैना बल्कि पूरे बहराइच के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि आकांक्षात्मक जनपद बहराइच की बेटी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने से जिले में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी और अन्य युवतियां भी उनसे प्रेरणा लेकर आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लेंगी।
रिसिया विकास खंड के ग्राम पटेल नगर निवासी नैना को यह सम्मान किंग्स ट्रस्ट इंटरनेशनल द्वारा आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। पुरस्कार का प्रायोजन संस्था की वैश्विक राजदूत शार्लेट टिलबरी एमबीई ने किया। समारोह में हॉलीवुड अभिनेत्री अमल क्लूनी और अभिनेता जॉर्ज क्लूनी सहित कई अंतरराष्ट्रीय हस्तियां उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान नैना को ब्रिटेन के सम्राट राजा चार्ल्स तृतीय और महारानी कैमिला से मुलाकात करने का अवसर भी मिला। इस उपलब्धि के साथ नैना बहराइच की दूसरी महिला बन गई हैं, जिन्हें लंदन में अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है। इससे पूर्व जिले की आरती को भी विदेश में सम्मानित किया जा चुका है।
नैना का जीवन संघर्ष और प्रेरणा की मिसाल रहा है। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने अपनी शिक्षा जारी रखी। उन्होंने खेतों में मजदूरी की, बच्चों को ट्यूशन पढ़ाया और विभिन्न छात्रवृत्तियों की सहायता से पढ़ाई पूरी की। आगा खान फाउंडेशन और किंग्स ट्रस्ट इंटरनेशनल के सहयोग से संचालित "प्रोजेक्ट लहर" ने उन्हें दोबारा शिक्षा से जोड़ने और आगे बढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वर्तमान में नैना जीवन कौशल प्रशिक्षक और कोच के रूप में कार्य कर रही हैं। वह किशोरियों और उनके परिवारों के साथ मिलकर बाल विवाह रोकने, लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने का कार्य कर रही हैं।
पुरस्कार प्राप्त करने के बाद नैना ने कहा कि जीवन के संघर्षों ने उन्हें आगे बढ़ने की शक्ति दी। उन्होंने यह सम्मान उन सभी लड़कियों और महिलाओं को समर्पित किया, जो विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने का प्रयास कर रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित