मुरैना , अप्रैल 27 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में कैलारस-पहाड़गढ़ मार्ग पर एक घायल तेंदुए का शावक दिखाई देने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। शावक के लंगड़ाते हुए सड़क पर घूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात कुछ ग्रामीण शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी वाहन की हेडलाइट में एक शावक सड़क पर चलता नजर आया। पैर में चोट के कारण वह लंगड़ाता हुआ दिखाई दे रहा था। ग्रामीणों ने उसे चीता समझकर डर के कारण वाहन रोक लिया और उसी दौरान मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
वन मंडलाधिकारी हरिश्चंद्र बघेल ने स्पष्ट किया कि वीडियो में दिखाई दे रहा जानवर चीता नहीं, बल्कि तेंदुए का शावक है। उन्होंने बताया कि विभागीय टीम को मौके पर भेजकर उसकी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। कूनो नेशनल पार्क के सूत्रों के अनुसार पार्क के चीतों की वर्तमान लोकेशन मुरैना क्षेत्र में नहीं है। वन विभाग शावक के घायल होने के कारणों की जांच कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित