मुंबई , मार्च 22 -- महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई की एक अदालत ने चर्चित फिल्म निर्माता निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास के पास हुई गोलीबारी के मामले में रविवार को एक आरोपी प्रदीप राधामोहन शर्मा उर्फ गोलू पंडित को एक अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
इस साल की शुरुआत में उपनगरीय जुहू इलाके में हुयी फायरिंग के मामले में यह 14वीं गिरफ्तारी है। गोलू को गत 21 मार्च को उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के बाह थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। गौरतलब है कि एक फरवरी की रात को जब फिल्म निर्माता घर में थे, तब यह फायरिंग हुई थी। घटना के बाद जुहू थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रदीप शर्मा ने इस में अहम भूमिका निभायी। आरोप है कि उसने फायरिंग में शामिल अन्य आरोपियों को उकसाया और उन्हें पैसे और दूसरे सामान से मदद दी। जांच से पता चला है कि आरोपी सिग्नल ऐप के जरिये संपर्क में थे, जिसका इस्तेमाल संचार के साथ-साथ वित्तीय लेनदेन के लिए भी किया गया था। पुलिस अब पैसों के लेन-देन, धन के स्रोत और जबरन वसूली में शामिल व्यापक आपराधिक नेटवर्क की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित