श्रीगंगानगर , मार्च 28 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में जवाहरनगर थाना क्षेत्र में पंजाब सीमा से सटे गांव साधुवाली में शुक्रवार देर शाम पुलिस की मुठभेड़ में घायल हुए उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के 25 वर्षीय शूटर आकाश निगम न सिर्फ पंजाब के एक बड़े सरगना के गिरोह से जुड़ा हुआ है, बल्कि मुंबई के जुहू क्षेत्र में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर पर हुई गोलीबारी करने की घटना में शामिल गिरोह से भी उसका सीधा सम्बन्ध सामने आया है।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि आकाश निगम के दो-तीन साथी हनुमानगढ़ जिले में पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं और वहां उनसे भी पूछताछ चल रही है। आकाश निगम का फिलहाल श्रीगंगानगर जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। उसके पैर में गोली लगी है।

पुलिस ने बताया कि जवाहरनगर थाना में आकाश निगम के खिलाफ दर्ज किया गया था। जांच की जिम्मेदारी सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुभाषचंद्र ढील को सौंपी गई है। सुबह उन्होंने गांव साधुवाली पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौका-ए-वारदात का नक्शा तैयार किया। उन्होंने बताया कि अस्पताल से छुट्टी मिलते ही आकाश निगम से गहन पूछताछ की जाएगी।

बीकानेर से आज श्रीगंगानगर पहुंचे पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने पत्रकारों से बातचीत में बताया-आकाश निगम पंजाब के एक बड़े गिरोह से जुड़ा हुआ है। करीब दो महीने पहले उसने हनुमानगढ़ जिले के भादरा क्षेत्र में अपने साथियों के साथ किसी की रेकी की थी। इसी आधार पर कल रात हनुमानगढ़ जिले में भी मामला दर्ज किया गया है। कुछ संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार करके पूछताछ की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक इन बदमाशों का संबंध 31 जनवरी की रात मुंबई के जुहू में रोहित शेट्टी के मकान की पहली मंजिल पर हुई गोलीबारी से जुड़ा है। उस रात करीब पौने एक बजे चार-पांच चक्र गोलियां चलाईं गयी थी। एक गोली जिम के शीशे से टकराई थी। इस मामले में मुख्य शूटर दीपक शर्मा उर्फ दीपक चंद्र सहित कुल सात लोग हरियाणा और राजस्थान से पकड़े गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित