सोलापुर , अक्टूबर 17 -- महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) विधायक रोहित पवार ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया कि पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र का वित्त विभाग भाजपा ने अपने पास रखा। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को यह अहम विभाग नहीं सौंपा जाएगा।
उन्होंने दिवंगत उपमुख्यमंत्री और राकांपा नेता के प्रति सत्ताधारी गठबंधन के बर्ताव पर सवाल उठाए। साथ ही, उन्होंने सूखे की मार झेल रहे किसानों को राज्य सरकार द्वारा 5,000 रुपये की अग्रिम सहायता देने के प्रस्ताव की भी आलोचना की और चेतावनी दी कि अगर समय रहते पर्याप्त राहत नहीं दी गई तो सत्ताधारी गठबंधन को विरोध का सामना करना पड़ेगा।
श्री पवार ने आगे कहा, "मैं भाजपा को बहुत अच्छी तरह जानता हूं इसीलिए मैं उससे दूरी बनाकर रखता हूं। अजीत पवार के निधन के बाद भाजपा ने वित्त विभाग अपने पास रख लिया है।"वित्त विभाग संभालने वाले पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार से उम्मीद थी कि वह मार्च में विधानसभा में महाराष्ट्र का बजट पेश करेंगे। हालांकि, इस साल जनवरी में एक विमान दुर्घटना में उनके निधन के कारण राजनीतिक समीकरण उलट पुलट हो गये।
उनकी पत्नी, सुनेत्रा पवार ने बाद में उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया लेकिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वित्त विभाग अपने पास रखा और राज्य का बजट पेश किया।
अजीत पवार के निधन के लगभग नौ महीने बाद भी वित्त विभाग का प्रभार अभी तक राकांपा को वापस नहीं सौंपा गया है। सुश्री सुनेत्रा पवार और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मांग के बावजूद, यह मुद्दा अभी भी अनसुलझा है।
श्री रोहित पवार ने आरोप लगाया कि न तो अजीत पवार की पार्टी और न ही भाजपा ने दिवंगत नेता के साथ न्याय किया है।
किसानों के लिए राहत पैकेज की बात करते हुए, उन्होंने 5,000 रुपये की प्रस्तावित अग्रिम सहायता की आलोचना की और कहा कि सूखा प्रभावित किसानों की समस्याओं को दूर करने के लिए यह राशि अपर्याप्त है।
उन्होंने कहा, "सरकार सिर्फ 5,000 रुपये देकर किसानों को हल्के में ले रही है। उन्हें तुरंत राहत प्रदान करें वरना हम आपको दीपावली नहीं मनाने देंगे।" उन्होंने राज्य सरकार को अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों तक मदद बिना किसी देरी के पहुंचे।
श्री रोहित पवार ने कहा कि महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) के मुद्दे पर हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद वह अपने निर्वाचन क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि अब वह स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से होने वाले आगामी विधान परिषद चुनाव के लिए सक्रिय रूप से प्रचार करेंगे।
एमपीएससी भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर श्री पवार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंडे की अध्यक्षता वाली समिति द्वारा की जा रही जांच पर भरोसा व्यक्त किया है।
उन्होंने बताया कि कुछ छात्र उनसे मिले थे और वे सबूत सौंपने के लिए श्री मुंडे से भी संपर्क करेंगे। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि समिति अनियमितताओं का पर्दाफाश करेगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित