मुम्बई , मार्च 29 -- रायन रिकलटन ( 81) और रोहित शर्मा (78) की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत मुम्बई इंडियंस ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग के दूसरे मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को छह विकेट से हराया।
रायन रिकलटन और रोहित शर्मा की सलामी जोड़ी ने आतिशी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पहले विकेट के लिए 148 रन जोड़ कर मुम्बई इंडियंस को अच्छी शुरुआत दिलाई। 12वें ओवर में वैभव अरोड़ा ने रोहित शर्मा को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। रोहित शर्मा ने 38 गेंदों में छह चौके और छक्के उड़ाते हुए 78 रनों की पारी खेली। इसके बाद 15वें ओवर में कार्तिक त्यागी ने सूर्यकुमार यादव (16) को आउट किया। अगले ही ओवर में रायन रिकलटन सीधे थ्रो पर रनआउट हो गये। रिकलटन ने 43 गेंदों में चार चौके और आठ छक्के लगाते 81 रन बनाये। 19वें ओवर में तिलक वर्मा 14 गेंद में 20 रन बनाकर कैच आउट हुए। मुम्बई इंडियंस ने 19.1 ओवरों में चार विकेट पर 224 रन बनाकर मुकाबला छह विकेट से अपने नाम कर लिया। कप्तान हार्दिक पंड्या 11 गेंदों में 18 रन बनाकर नाबाद रहे। केकेआर के लिए वैभव आरोड़ा, कार्तिक त्यागी और सुनील नारायण ने एक-एक विकेट लिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित