पटना , मई 22 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने शुक्रवार को रोहतास जिले में सिविल सर्जन कार्यालय, सदर अस्पताल, सासाराम के लिपिक सतीश कुमार को 20 हजार रूपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि रोहतास जिले के संझौली प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कीसम्प्रति प्रखण्ड लेखा प्रबंधक और परिवादी श्रीमती सुनीता कुमारी ने पटनाब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि लिपिक के द्वारा उनके स्थानांतरण को रोकने के लिये सिविल सर्जन, रोहतास को रुपये देने के लिए रिश्वत की माँग की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम द्रष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक औरअनुसंधानकर्ता विकाश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।
धावादल द्वारा कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त सतीश कुमार को 20 हजार रूपये रिश्वत लेते हुए सदर अस्पताल, सासाराम, सिविल सर्जन कार्यालय के सामने शिव मंदिर के निकट सड़क के किनारे से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे पटना निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित