सासाराम , जुलाई 24 -- बिहार के रोहतास जिले में करबंदिया थाना परिसर में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी)-1 के एक जवान नेअपने सरकारी हथियार से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान किशोर राणा के रूप में हुई है। वह बीएसएपी-1 में तैनात था और हाल ही में उसकी ड्यूटी करबंदिया थाना में लगाई गई थी। उसका परिवार झारखंड की राजधानी रांची के डोरंडा क्षेत्र में रहता है, जबकि वह मूल रूप से नेपाल का निवासी बताया जाता है।
सूत्रों के अनुसार जवान ने थाना परिसर स्थित बैरक की छत पर अपने सरकारी कार्बाइन हथियार से सिर के दाहिने हिस्से में गोली मार ली। गोली लगते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेजा गया है।
रोहतास के पुलिस अधीक्षक (एसपी) रौशन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित