सासाराम , मई 16 -- बिहार में रोहतास जिले के सासाराम नगर थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक पुलिसकर्मी की मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि एसपी जैन कॉलेज मोड़ के समीप ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही को बालू लदे ट्रैक्टर ने कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल सिपाही की वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई।
सूत्रों ने बताया कि मृतक सिपाही की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है। वह शहर के एंट्री प्वाइंट पर नो-एंट्री नियम लागू कराने के लिए तैनात थे। घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) अमरकांत अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि फरार ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित