सासाराम , जुलाई 26 -- बिहार में रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र में रविवार को अपराधियों ने एक ज्वेलरी दुकान से लाखों रुपये मूल्य के आभूषण लूट लिये।पुलिस सूत्रों ने बताया कि बिक्रमगंज बाजार में आरा जाने वाली सड़क पर स्थित हीरा आभूषण भंडार में पांच अपराधी हेलमेट पहनकर और चेहरा ढंककर घुसे। अपराधियों ने हथियार के बल पर दुकान संचालक प्रणीत कुमार को अपने कब्जे में ले लिया और दुकान में रखे आभूषण लूट लिये।
दुकानदार प्रणीत कुमार ने बताया कि अपराधियों ने हथियार दिखाकर उन्हें और दुकान में मौजूद अन्य लोगों को डराया-धमकाया, जिसके कारण किसी ने विरोध नहीं किया। वारदात के समय दुकान में एक कर्मचारी और एक कारीगर भी मौजूद था। लूटपाट के बाद अपराधी पैदल ही मौके से फरार हो गये।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बिक्रमगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि पांच अपराधी दुकान के अंदर थे, जबकि कुछ अन्य अपराधियों के बाहर मौजूद होने की भी आशंका है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस प्रारंभिक तौर पर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के आभूषण लूटे जाने की बात कह रही है, जबकि दुकानदार का दावा है कि 30 से 35 लाख रुपये के आभूषण अपराधी ले गये हैं। पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित