सासाराम , मई 14 -- बिहार में रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र में स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक छात्रा की पहचान कैमूर जिले के अधौरा थाना क्षेत्र निवासी तिलकधारी खरवार की पुत्री इंदु कुमारी के रूप में की गयी है।रोज की तरह सुबह नाश्ता करने के बाद छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद विद्यालय प्रशासन ने उसे तत्काल शिवसागर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत और गंभीर हो गई। स्थिति बिगड़ने पर उसे सासाराम सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने कहा कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।फिलहाल किसी स्पष्ट लक्षण की पुष्टि नहीं हुई है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित