रोहतक , जून 15 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रोहतक के डी-पार्क क्षेत्र में नौ जून को हुए आग लगने की भीषण घटना से प्रभावित बाजार का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले अमन कुमार, रोहित खुराना और कपिल कुमार के परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 10-10 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों और व्यापारियों के साथ मजबूती से खड़ी है। आग से भारी नुकसान झेलने वाले व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भी तत्काल आर्थिक सहायता दी जाएगी। दिल्ली शूज, रोहतक शूज कंपनी, शूज प्लाजा, रीगल शूज समेत आठ प्रतिष्ठानों को पांच-पांच लाख रुपये की राहत राशि मिलेगी।

इसके अलावा दो फ्रूट जूस संचालकों को दो-दो लाख रुपये तथा तीन छोटे व्यापारियों और रेहड़ी संचालकों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की गयी। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एसी में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगी। उन्होंने मृतकों के घर जाकर परिजनों को सांत्वना भी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित