चंडीगढ़ , जून 11 -- हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर आशीष कुमार घोष ने रोहतक के डी-पार्क बाजार क्षेत्र में हुई भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले तीन लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की और घायलों का नि:शुल्क इलाज करने का निर्देश दिया है।
राज्यपाल ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
गौरतलब है कि नौ जून को रोहतक के सबसे पुराने और व्यस्त बाजारों में से एक डी-पार्क मार्केट में भीषण आग लग गई थी। आग ने कई दुकानों और प्रतिष्ठानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा।
प्रो. घोष ने घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने रोहतक के उपायुक्त को आग से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन कर जल्द से जल्द सरकार को रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
इसके साथ ही राज्यपाल ने जिला प्रशासन को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी घायलों को सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क और समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रशासन त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित