मुंबई , अगस्त 28 -- ुवाओं के बीच लोकप्रिय एडवेंचर रियलिटी शो 'रोडीज़' अपने 21वें सीज़न में 'रोडीज़ रीबर्थ' के रूप में नई शुरुआत करने जा रहा है। एमटीवी और जियोहॉटस्टार के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शो का नया लोगो जारी किए जाने के साथ ही नए सीज़न को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।शो की नई पहचान में फीनिक्स पक्षी को दर्शाया गया है, जो पुनर्जन्म और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। दो दशक से अधिक समय से युवाओं की संस्कृति और रोमांच से जुड़े इस शो का नया सीज़न जज़्बे, साहस और अनिश्चितता से भरा नजर आने वाला है।

'रोडीज़' के पुराने चेहरों में शामिल रन्नविजय सिंघा एक बार फिर शो के होस्ट के रूप में वापसी कर रहे हैं। कई सीज़न्स को होस्ट कर चुके रन्नविजय का सफर इस फ्रेंचाइज़ी से लंबे समय से जुड़ा रहा है। वह शो में होस्ट के साथ-साथ प्रतिभागियों के मेंटॉर के रूप में भी अपनी पहचान बना चुके हैं। उनकी वापसी को लेकर प्रशंसकों में खासा उत्साह है।

हाल ही में सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो ने भी शो को लेकर रहस्य बढ़ा दिया है। वीडियो में कैमरा रन्नविजय के करीब आता है और उनके चश्मे के रिफ्लेक्शन में तीन लाल और तीन पीले हेलमेट नजर आते हैं। इस विजुअल के सामने आने के बाद प्रशंसक हेलमेट के पीछे छिपे संकेत और नए सीज़न में होने वाले बदलावों को लेकर कयास लगा रहे हैं।

नए सीज़न को लेकर रन्नविजय सिंघा ने कहा कि 'रोडीज़' उनके लिए सिर्फ एक शो नहीं, बल्कि एक जज़्बात है। उन्होंने कहा कि इतने वर्षों बाद भी हर रोडी की भूख, साहस और अपने सपनों को हासिल करने का जुनून उन्हें खास महसूस होता है। 'रोडीज़ रीबर्थ' उसी भावना को नए अंदाज में सामने लाने वाला है, जिसमें प्रतिभागियों को अपनी सीमाओं को आगे बढ़ाने, मजबूती से लड़ने और पीछे न हटने की चुनौती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि उन्होंने वर्षों के दौरान 'रोडीज़' को बदलते और विकसित होते देखा है और नया अध्याय उनके लिए बेहद रोमांचक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई पीढ़ी खुद को साबित करने के लिए तैयार होगी और आने वाले उतार-चढ़ाव तथा ट्विस्ट्स का मजबूती से सामना करेगी।

'रोडीज़ रीबर्थ' के ऑडिशन सितंबर में दिल्ली, चंडीगढ़, कोलकाता और पुणे में आयोजित किए जाएंगे। ऑडिशन की तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित