नैनीताल , अप्रैल 20 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में सोमवार को रोडवेज बस की चपेट में आने से चार साल की एक बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कनक (04) पुत्री जीवनराम निवासी रानीबाग के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि आंगनबाड़ी केंद्र से घर लौटते समय यह हादसा हुआ। तब बच्ची सड़क पार कर रही थी, तभी चित्रशिला घाट के पास यह हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि बस बच्ची को कुछ दूरी तक घसीटते हुए भी ले गयी। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके साथ मौजूद तीन अन्य बच्चे बाल-बाल बच गए। रुद्रपुर डिपो की यह बस नैनीताल से हल्द्वानी की ओर जा रही थी, तभी उसने बच्ची को चपेट में ले लिया।
इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा फैल गया। उन्होंने बस में तोड़फोड़ के साथ ही चालक के साथ मारपीट की। लगभग 30 मिनट तक नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को मुआवज़ा देने की मांग कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कर जाम खुलवाया।
पुलिस अधीक्षक मनोज कत्याल ने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित