चंडीगढ़ , जून 16 -- हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की है कि नई स्थानांतरण नीति लागू होने तक कर्मचारियों को आपसी सहमति के आधार पर एक बार स्थानांतरण का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे कर्मचारियों की व्यावहारिक समस्याओं का समाधान होगा और विभिन्न डिपो में कार्य व्यवस्था भी प्रभावित नहीं होगी।

चंडीगढ़ में परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में विज ने रोडवेज कार्यशालाओं में कर्मचारियों के लिए पंखे, बैठने की व्यवस्था, वाटर कूलर तथा महिला-पुरुष कर्मचारियों के लिए अलग शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में निजी बस संचालन, किलोमीटर स्कीम और स्टेज कैरिज परमिट से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। विज ने कहा कि न्यायालय में मामला लंबित रहने तक सभी निजी बस संचालकों को मौजूदा नियमों का पालन करना होगा, अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि जल्द ही चालकों की सख्त और पारदर्शी टेस्टिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही बसों के रूट और समय-सारिणी की समीक्षा कर सरकारी बसों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए हैं।

परिवहन मंत्री ने बस अड्डों और डिपो की जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश देते हुए सभी महाप्रबंधकों से परिसंपत्तियों की निगरानी और रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाकर जनहित सुविधाओं और इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशनों के विकास का मार्ग प्रशस्त किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित