ऋषिकेश/देहरादून , फरवरी 24 -- उत्तराखंड में देहरादून पुलिस के एक जवान ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए रमजान के पवित्र महीने में रोजा तोड़कर गंभीर रूप से बीमार महिला के लिए रक्तदान किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तराखण्ड पुलिस की पुलिस लाइन देहरादून में तैनात हेड कांस्टेबल इमरान अली को 23 फरवरी को एक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना मिली कि उत्तरकाशी निवासी एक व्यक्ति की पत्नी जॉली ग्रान्ट अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती है और उसे तत्काल रक्त की आवश्यकता है। उस समय हेड कांस्टेबल रमजान के चलते रोजा रखे हुए थे।
सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल इमरान अली मंगलवार को अस्पताल पहुंचे और उपचाराधीन महिला की जान बचाने के लिए अपना रोजा तोड़कर रक्तदान किया। समय पर रक्त उपलब्ध होने से महिला के उपचार में सहायता मिली है।
महिला के परिजनों ने दून पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता की प्रशंसा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित