भरतपुर , मार्च 09 -- राजस्थान में भरतपुर के रूपवास थाना क्षेत्र में महलपुर रॉयल्टी नाका पर कर्मचारियों से कथित तौर पर मारपीट करके हर महीने पांच लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि रायल्टी ठेकेदार महेंद्र की शिकायत पर रविवार देर रात पंचायत समिति प्रधान नीतू गुर्जर के पति नवलकिशोर उर्फ राजू और मुलायम सहित छह से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि दर्ज प्राथमिकी के अनुसार छह मार्च को आरोपियों ने अपने साथियों के साथ नाके पर कर्मचारियों से मारपीट की और धमकी देते हुए हर महीने पांच लाख रुपये देने की मांग की। इसके बाद उन्होंने कर्मचारियों को नाके से बाहर निकालकर नाके पर ताला लगा दिया और उसकी चाबी अपने साथ ले गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित