पाटना , अप्रैल 30 -- रॉबर्ट एल. चोंग्थू ने गुरूवार को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के प्रधान सचिव के रूप में पदभार ग्रहण किया।
इस अवसर पर विभाग के पूर्व सचिव मो. सोहैल ने रॉबर्ट एल. चोंग्थू को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
रॉबर्ट एल. चोंग्थू ने पदभार ग्रहण करने के बाद विभाग के वरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों से परिचय प्राप्त किया तथा विभागीय कार्यों और योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।समीक्षा के दौरान उन्हें अवगत कराया गया कि विभाग की ओर से वर्तमान में किशनगंज एवं बेगूसराय में दो विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त राज्य में 50 छात्रावास संचालित हैं, जबकि 22 स्थानों पर छात्रावास निर्माण कार्य प्रगति पर है। प्रधान सचिव ने इन निर्माण कार्यों की स्थिति एवं गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली।
श्री चोंग्थू ने मदरसा सुदृढ़ीकरण योजना की समीक्षा करते हुए जाना कि राज्य के 64 मदरसों को इस योजना के तहत सहायता प्रदान की गई है। साथ ही उन्होंने वक्फ विकास योजना, परित्यक्ता योजना एवं श्रमशक्ति योजना की प्रगति की भी जानकारी प्राप्त की।
प्रधान सचिव ने अल्पसंख्यक समुदाय के समग्र विकास के लिए चलाए जा रहे अन्य कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए विशेष रूप से छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक प्रदर्शन, खासकर बालिकाओं की प्रगति पर जोर दिया। उन्होंने यह भी जानने का प्रयास किया कि 12वीं कक्षा के पश्चात छात्र-छात्राएं किस दिशा में आगे बढ़ते हैं।
इस अवसर पर श्री चोंग्थू ने कहा कि "हमें ऐसा लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए कि 12वीं कक्षा पास करने के बाद बच्चों में स्किल डेवलप हो ताकि उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हों पाए। हमारे प्रयास इस दिशा में होने चाहिए कि बच्चे सक्षम, आत्मनिर्भर एवं प्रतिस्पर्धी बन सकें।"बैठक में विभाग के सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित