मुंबई , सितंबर 19 -- रैपर हितेश्वर और अभिषेक गजन का नया रैप सॉन्ग 'अरे ओ फूफा' रिलीज हो गया है। सामाजिक कुरीतियों और नकारात्मक सोच पर व्यंग्य करता यह गीत देसी अंदाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश देता है।
'अरे ओ फूफा' में उन लोगों की मानसिकता पर कटाक्ष किया गया है, जो विकास और सकारात्मक पहलों में भी कमियां तलाशते रहते हैं। गीत की पंचलाइन 'अरे ओ फूफा, जरा अपना चश्मा साफ कर!' इसी सोच पर हास्य और व्यंग्य के जरिए सवाल उठाती है।
रैपर हितेश्वर ने कहा कि 'अरे ओ फूफा' उनके लिए सिर्फ रैप सॉन्ग नहीं, बल्कि समाज में मौजूद नकारात्मक सोच और दकियानूसी विचारों पर व्यंग्य करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि रैप और मनोरंजन के जरिए जरूरी सामाजिक संदेश देने की कोशिश की गयी है।
अभिषेक गजन ने कहा कि गीत के जरिए हर सकारात्मक बदलाव में कमियां तलाशने वाली सोच पर सवाल उठाया गया है। गीत के बोल उन्होंने लिखे हैं और इसका निर्माण भी किया है। अनिल पाजी ने संगीत दिया है।
हितेश्वर इससे पहले 70 से अधिक रैप ट्रैक में अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। गाने के वीडियो का संपादन कृष्णा अधिकारी ने किया है। डिजिटल हेड अमरनाथ प्रजापति और डिजिटल पार्टनर 7सरगम डिजिटल मीडिया ने गीत को डिजिटल प्लेटफॉर्म तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संभाली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित