यमुनानगर , अगस्त 26 -- हरियाणा के यमुनानगर नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन टीम ने ठोस कचरा प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी अनुपालन के लिए वार्ड नंबर 8 के मॉडल टाउन स्थित एक निजी रेस्टोरेंट में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया।

यह कार्यशाला मेयर सुमन बहमनी और निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर आयोजित की गयी। कार्यशाला में रेस्टोरेंट प्रबंधन और कर्मचारियों को ठोस कचरा प्रबंधन नियम 2026 के विभिन्न प्रावधानों और चार-बिन कचरा पृथक्करण व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी।

स्वच्छ भारत मिशन शहरी टीम के विशेषज्ञ आकाश कुमार ने बताया कि कचरे का स्रोत स्तर पर ही पृथक्करण सुनिश्चित किया जाये।

उन्होंने कहा कि रेस्टोरेंट में उत्पन्न होने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग निर्धारित बिन में रखा जाये। गीले कचरे की यथासंभव मौके पर ही कंपोस्टिंग या प्रोसेसिंग की जाये, ताकि लैंडफिल पर जाने वाले कचरे की मात्रा को कम किया जा सके।

उन्होंने रेस्टोरेंट प्रबंधन को कचरे से संबंधित रिकॉर्ड और डेटा को नियमित रूप से अद्यतन रखने और उसके उचित संधारण के निर्देश भी दिये। टीम ने कर्मचारियों से ग्राहकों को भी कचरा निर्धारित बिन में डालने के लिए प्रेरित करने और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

टीम ने स्पष्ट किया कि ठोस कचरा प्रबंधन नियमों की प्रभावी अनुपालना और शहर को स्वच्छ बनाये रखने में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित