रेवाड़ी , मार्च 19 -- हरियाणा के रेवाड़ी शहर में धारूहेड़ा सीआईए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी, माजरा गांव के सरपंच रविंद्र उर्फ हाथी को उसके तीन साथियों सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वारदात के बाद से फरार चल रहा था और उत्तर प्रदेश में छिपा हुआ था। पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के बरसाना क्षेत्र से पकड़ा।

गौरतलब है कि माजरा के सरपंच पर 26 जनवरी को भालखी गांव के सरपंच प्रतिनिधि सुरेंद्र उर्फ पहलवान पर जानलेवा हमला करवाने का आरोप है। इस मामले में पुलिस पहले ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस उपाधीक्षक सुरेंद्र श्योराण ने मॉडल टाउन थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी घटना के बाद से ही फरार था और लगातार ठिकाने बदल रहा था। मोबाइल फोन बंद होने के कारण उसकी लोकेशन ट्रेस करना भी मुश्किल हो रहा था। इसके कारण पुलिस ने उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। धारूहेड़ा सीआईए टीम ने योगेश कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी सरपंच को उसके साथियों रवि (ततारपुर, राजस्थान), सचिन (भागौट) और नवीन के साथ गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी पर शस्त्र अधिनियम और मारपीट के सात मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों पर भी तीन से पांच आपराधिक मामलेदर्ज हैं। हमले के दौरान आरोपियों ने फायरिंग का प्रयास किया, लेकिन मैगजीन निकल जाने के कारण गोली नहीं चल सकी। पुलिस ने मौके से मैगजीन बरामद की थी। इस हमले में घायल सरपंच प्रतिनिधि की हालत गंभीर हो गई थी और डॉक्टरों को उसकी एक टांग काटनी पड़ी।

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि अब आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। फरारी के दौरान उन्हें शरण देने वालों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफभी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित