रेवाड़ी , अक्टूबर 09 -- हरियाणा के रेवाड़ी के नगर परिषद के वाइस चेयरमैन चुनाव में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के पसंदीदा प्रत्याशी निखिल मांढैया ने आज जीत दर्ज की। वार्ड-12 के पार्षद और भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष निखिल ने विरोधी खेमे के प्रत्याशी चेतराम सैनी को 5 वोट से हराया। निखिल को 19, जबकि चेतराम को 14 वोट मिले। इस जीत के साथ 26 वर्षीय निखिल नगर परिषद के सबसे युवा वाइस चेयरमैन बन गए।
चुनाव में निखिल की जीत को राव इंद्रजीत सिंह के नगर परिषद की राजनीति में प्रभाव के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, चेतराम को 14 वोट मिलने से विरोधी खेमे की मौजूदगी भी स्पष्ट हुई है। चुनाव से पहले राव समर्थक खेमे में 21 पार्षदों के समर्थन की चर्चा थी, लेकिन निखिल को 19 वोट ही मिले। इसके बाद दो वोट कम मिलने को लेकर क्रॉस वोटिंग और भीतरघात की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, मतदान के आधार पर यह स्पष्ट नहीं है कि किस पार्षद ने किस प्रत्याशी को वोट दिया।
वाइस चेयरमैन का चुनाव राव इंद्रजीत सिंह और उनके विरोधी खेमे के बीच प्रतिष्ठा का सवाल बन गया था। 2 अक्टूबर को राव ने रामपुरा हाउस में पार्षदों से अलग-अलग मुलाकात कर उनकी राय जानी थी। बताया जा रहा है कि कई पार्षदों ने उपप्रधान पद के लिए युवा चेहरे को मौका देने का सुझाव दिया था। इसके बाद निखिल के नाम पर सहमति बनी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित