वारंगल , जून 22 -- भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामा राव (केटीआर) ने सोमवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की 'इंदिरम्मा राज्यम' योजना ने तेलंगाना को गहरे संकट में धकेल दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी पर राज्य की फसल खरीद नीति के जरिए किसानों के साथ विश्वासघात करने का सीधा आरोप लगाया है।

श्री राव ने वर्धन्नापेट विधानसभा क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बैठक में कहा कि धान की खरीद को केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत मात्रा तक ही सीमित रखना किसानों के लिए 'डेथ वारंट' के समान है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से राज्य का पूरा कृषक समाज गंभीर रूप से प्रभावित होगा।

श्री राव ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार उर्वरक और बीज की कमी, बिजली आपूर्ति के संकट, 'रायथु भरोसा' योजना के क्रियान्वयन में देरी और 'रायथु बीमा' को बंद किए जाने जैसे गंभीर मुद्दों का समाधान करने में पूरी तरह विफल रही है।

बीआरएस नेता ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने ढाई साल के कार्यकाल में कोई भी उल्लेखनीय कल्याणकारी या विकास कार्य नहीं किया है। सरकार ने जनता को कोई वास्तविक लाभ दिए बिना राज्य पर सिर्फ कर्ज का बोझ बढ़ाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के बार-बार नयी दिल्ली जाने पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि इन दौरों से तेलंगाना को कोई फायदा नहीं हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित