हैदराबाद , जून 21 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने रविवार को लोगों से नियमित रूप से योग का अभ्यास करने और इसे अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आग्रह किया। उन्होंने योग को एक स्वस्थ जीवन शैली बनाये रखने के लिए एक अमूल्य साधन बताया।

मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी एक संदेश में लोगों को अपनी शुभकामनाएं दीं और शारीरिक, मानसिक तथा आध्यात्मिक कल्याण को प्राप्त करने में योग के महत्व पर प्रकाश डाला।

श्री रेड्डी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम का एक रूप नहीं है बल्कि जीवन जीने का एक तरीका है, जो मन, शरीर और आत्मा को सामंजस्य में रखने में मदद करता है। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने से अच्छे स्वास्थ्य, आंतरिक शांति और सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि अधिक से अधिक लोग इस प्राचीन पद्धति को अपनायेंगे और एक स्वस्थ तथा सुखी जीवन जियेंगे।

इस बीच, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजा नरसिम्हा ने हैदराबाद के गाचीबोवली स्टेडियम में तेलंगाना सरकार और आयुष विभाग द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। मंत्री ने योग प्रशिक्षकों के नेतृत्व में आयोजित एक सामूहिक योग सत्र में सैकड़ों प्रतिभागियों के साथ हिस्सा लिया।

उन्होंने वहां उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए योग को दुनिया के लिए भारत का एक शानदार उपहार बताया और लोगों से इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ समाज का निर्माण केवल स्वस्थ परिवारों और एक स्वस्थ तेलंगाना के माध्यम से ही किया जा सकता है।

श्री नरसिम्हा ने रेखांकित किया कि योग को स्कूल से लेकर कॉलेज स्तर तक शामिल किया जा रहा है और राज्य सरकार, आयुष विभाग के माध्यम से योग जागरूकता तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सक्रिय रूप से बढ़ावा दे रही है।

इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की प्रधान सचिव डॉ. क्रिस्टीना जे. चोंगथू, राजीव आरोग्यश्री हेल्थ केयर ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हनुमंतु, खेल निदेशक सोनी बालादेवी, चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. नरेंद्र कुमार, सार्वजनिक स्वास्थ्य निदेशक डॉ. रवींद्र कुमार, आयुष विभाग के अधिकारी, हैदराबाद जिले के जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, योग प्रशिक्षक और विद्यार्थी शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित