हैदराबाद , जून 15 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने सोमवार को गर्मी की छुट्टियों के बाद राज्य भर के स्कूल खुलने पर छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किए गए एक संदेश में स्कूलों को ऐसा मंदिर बताया जो व्यक्तित्व और देश के भविष्य को आकार देते हैं। उन्होंने कहा कि हर किताब एक नयी दुनिया का दरवाजा खोलती है और हर सबक नये अवसर पैदा करता है। इसके साथ ही उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि शिक्षा वह शक्ति है जो भविष्य को रोशन करती है।
श्री रेड्डी ने कहा कि देश का भविष्य कक्षाओं में है और राज्य सरकार ने शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कई सुधार पेश किए हैं। उन्होंने छात्रों के लिए पौष्टिक भोजन सुनिश्चित करने और शैक्षणिक परिणामों में सुधार के उद्देश्य से शुरू की गई नाश्ता और 'मिड-डे मील' जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने छात्रों से नये शैक्षणिक वर्ष की शुरुआत उत्साह के साथ करने, अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन में सीखने, अच्छे मूल्यों को अपनाने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आज के छात्र ही कल के भारत के निर्माता हैं। उन्होंने छात्रों को अपनी उपलब्धियों के माध्यम से अपने परिवार, समाज, राज्य और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
श्री रेड्डी ने शिक्षा को सबसे बड़ा धन बताते हुए कहा कि प्रगति और सफलता सीखने से ही हासिल होती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित