नयी दिल्ली/हैदराबाद , जुलाई 14 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने मंगलवार को केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से राज्य में प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं में तेजी लाने का आग्रह किया है। इनमें क्षेत्रीय रिंग रोड, प्रस्तावित फ्यूचर सिटी-बंदर पोर्ट हरित क्षेत्र राजमार्ग और राजीव राजमार्ग का एक वैकल्पिक मार्ग शामिल है।
यहां श्री गडकरी के साथ बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय रिंग रोड के उत्तरी हिस्से पर काम शुरू करने के लिए केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी हासिल करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि इस हिस्से के लिए लगभग 95 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण का काम पहले ही पूरा हो चुका है। उन्होंने दक्षिणी हिस्से के लिए भी जल्द मंजूरी मांगी और कहा कि दोनों हिस्सों का एक साथ निर्माण करने से समय और लागत में कमी आएगी। श्री रेड्डी ने आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम के तहत परिकल्पित, हैदराबाद के भारत फ्यूचर सिटी को अमरावती के रास्ते बंदर पोर्ट से जोड़ने वाले प्रस्तावित 12 लेन के हरित क्षेत्र राजमार्ग को तुरंत मंजूरी देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से हैदराबाद और विजयवाड़ा के बीच की यात्रा दूरी लगभग 100 किलोमीटर कम हो जाएगी और हैदराबाद तथा बंदर पोर्ट के बीच माल ढुलाई में काफी सुधार होगा।
मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित मन्नानूर-श्रीशैलम ऊंचे मार्ग के लिए वन विभाग की मंजूरी प्राप्त करने में केंद्र सरकार से सहायता मांगी। उन्होंने ध्यान दिलाया कि यह मार्ग नल्लामाला अभयारण्य से होकर गुजरता है और श्रीशैलम मंदिर तथा जलाशय को जोड़ता है। उन्होंने वर्तमान राजीव राजमार्ग पर यातायात के दबाव को कम करने के लिए मंचेरियल और हैदराबाद के बीच एक छह लेन के वैकल्पिक राजमार्ग को मंजूरी देने का भी अनुरोध किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित