पटना , सितंबर 29 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के भगवान को लेकर दिए गए बयान को हिंदू समाज की धार्मिक आस्था का अपमान बताते हुए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

श्री सरावगी ने आज यहां जारी बयान में कहा कि कांग्रेस के नेता राजनीतिक लाभ के लिए सनातन धर्म और हिंदू आस्था को निशाना बना रहे हैं। अब भगवान को भी उत्तर और दक्षिण के नाम पर बांटने का प्रयास किया जा रहा है। भगवान किसी एक क्षेत्र, राज्य या राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं हैं। करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़े विषय को क्षेत्रीय विभाजन से जोड़ना समाज को बांटने की राजनीति है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से समाज को जोड़ने और सद्भाव बढ़ाने की अपेक्षा की जाती है, लेकिन रेवंत रेड्डी का बयान राजनीतिक लाभ के लिए समाज में विभाजन पैदा करने वाला है। धार्मिक आस्था को राजनीतिक पहचान और क्षेत्रीय विभाजन से जोड़ना देश की सामाजिक एकता के लिए उचित नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित