हैदराबाद , मई 25 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने सोमवार को सचिवालय से पूरे राज्य में 8,000 'इंदिरा गांधी स्त्री शक्ति (आईजीएसएस) भवनों' की वर्चुअल आधारशिला रखी।
श्री रेड्डी ने 'महिला सप्ताह' समारोहों के दौरान 'प्रजा पालना' और 'प्रगति प्रणालिका' कार्यक्रमों के हिस्से के रूप में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि एक साथ 8,000 भवनों का शुभारंभ देश में अपनी तरह की पहली पहल है। उन्होंने इस पहल को महिला सशक्तिकरण और आर्थिक स्वतंत्रता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पदभार ग्रहण करने के दो दिनों के भीतर महिलाओं के लिए राज्य परिवहन निगम बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा शुरू की थी और अब तक इस योजना के लिए आरटीसी को 10,000 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। उन्होंने कहा कि पांच जून को परेड ग्राउंड में महिला समूहों की 553 नयी बसों का उद्घाटन किया जाएगा।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के उपायों पर प्रकाश डालते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से 1,000 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजनाओं को बढ़ावा दे रही है और उन्हें पेट्रोल पंप, चावल मिलें, गोदाम और लॉजिस्टिक्स पार्क संचालित करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि महिला समूहों के लिए बैंक लिंकेज ऋण की सीमा पांच लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है और अब तक 60,000 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने महिला समूहों की साझेदारी में "महिला शक्ति सुपर बाजार" स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा, और कहा कि इन आउटलेट्स को अंततः गुणवत्ता और पैमाने के मामले में प्रमुख खुदरा श्रृंखलाओं के साथ प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए। उन्होंने 2034 तक एक करोड़ महिलाओं को लखपति बनाने के सरकार के लक्ष्य को दोहराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित