नयी दिल्ली , सितंबर 29 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने मंगलवार को केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से दिल्ली में मुलाकात कर राज्य की लंबित सिंचाई और जल परियोजनाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
श्री रेड्डी ने महाराष्ट्र सरकार के साथ संवाद के जरिए तुम्मिडीहट्टी बैराज के निर्माण की मंजूरी प्रक्रिया तेज कराने का आग्रह किया। उन्होंने 152 मीटर एफआरएल पर बैराज निर्माण से येल्लमपल्ली परियोजना तक गुरुत्वाकर्षण आधारित जल आपूर्ति संभव होने और बिजली खर्च कम होने की बात कही।उन्होंने पालमुरु-रंगारेड्डी, डिंडी लिफ्ट सिंचाई, सीताराम सागर बहुउद्देश्यीय परियोजना और गौरवेल्ली जलाशय के लिए लंबित पर्यावरणीय मंजूरियां तत्काल देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि मंजूरियों में देरी से निर्माण लागत बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने सम्मक्का सागर परियोजना की सीडब्ल्यूसी से लंबित मंजूरियां भी जल्द देने और कृष्णा नदी के पानी के उपयोग की निगरानी के लिए टेलीमेट्री सिस्टम की स्थापना में तेजी लाने की मांग की। उन्होंने बताया कि पहले चरण के लिए राज्य सरकार 4.15 करोड़ जमा कर चुकी है।
बैठक में सिंचाई मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी, मंत्री जी. विवेक वेंकटस्वामी, सांसद गड्डम वंशी कृष्ण और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित