हैदराबाद , मई 21 -- तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में बिना सोचे-समझे बड़े पैमाने पर लगाए जा रहे फ्लेक्स बैनरों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने गुरुवार को अनधिकृत फ्लेक्स बोर्डों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं और शहर में रात की गश्त बढ़ाने को कहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज्य भर में पुलिसिंग के स्तर को सुधारने के लिए एक रणनीतिक कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से मानसून के मौसम के दौरान बरसाती नालों और मैनहोलों के रख-रखाव के लिए पुलिस विभाग, ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम, जल बोर्ड और हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया एवं संपत्ति संरक्षण एजेंसी के बीच समन्वय के महत्व पर भी जोर दिया।

सेवा से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए श्री रेड्डी ने सुझाव दिया कि उपनिरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) के पद से लेकर भारतीय पुलिस सेवा के गैर-संवर्ग अधिकारियों को उनकी पदोन्नति के बाद दो साल तक अन्य विभागों में सेवा देनी चाहिए। मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को इस प्रस्ताव का अध्ययन कर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित