रांची , सितंबर 10 -- झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन ने दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ महापर्व पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग की है।
एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने उप सचिव रितिक राज के नेतृत्व में बुधवार को रांची मंडल के डीआऱएम से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन ने बताया कि विभिन्न शहरों से रांची आने वाली नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग और रिग्रेट की स्थिति है। अहमदाबाद, जयपुर, तिरुवनंतपुरम और वास्को (गोवा) जैसे बड़े शहरों से रांची के लिए कोई सीधी ट्रेन नहीं है।
एसोसिएशन ने रेखांकित किया कि लंबी दूरी की यात्रा के लिए खूंटी, लोहरदगा, हजारीबाग, रामगढ़, गुमला, सिमडेगा, लातेहार, चतरा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और गिरिडीह सहित 10-11 जिले पूरी तरह रांची/हटिया स्टेशनों पर निर्भर हैं। मौजूदा ट्रेनें मांग पूरी करने में असमर्थ हैं।
एसोसिएशन की प्रमुख मांगें - बेंगलुरु-हटिया: येलहंका/बेंगलुरु से हटिया के लिए द्वि-साप्ताहिक स्पेशल (32 फेरे)। हैदराबाद/चारलापल्ली-हटिया: चारलापल्ली से काजीपेट, बल्हारशाह, गोंदिया, बिलासपुर, राउरकेला होकर साप्ताहिक स्पेशल। मुंबई (एलटीटी)-हटिया: पूर्व में चलने वाली 08609/08610 हटिया- एलटीटी स्पेशल को पुनः बहाल किया जाए। पुणे-हटिया: हडपसर/पुणे से भुसावल, नागपुर, बिलासपुर होकर साप्ताहिक स्पेशल। जयपुर/अजमेर-रांची: 09619/09620 अजमेर-जयपुर-रांची स्पेशल को फिर से शुरू किया जाए। अहमदाबाद-रांची: साबरमती/वटवा/असरवा से रतलाम, उज्जैन, बीना, सिंगरौली, लोहरदगा मार्ग से सीधी स्पेशल। तिरुवनंतपुरम-हटिया: कोयंबटूर, पेरंबूर, विजयवाड़ा, विशाखापट्टनम होकर सीधी ट्रेन। गोवा/वास्को-हटिया: हुबली, गुंतकल, विजयवाड़ा मार्ग से स्पेशल। मध्य प्रदेश व उत्तर भारत: डॉ. अंबेडकर नगर (इंदौर/उज्जैन/भोपाल) से लोहरदगा होकर रांची और देहरादून से हरिद्वार, वाराणसी, गया, हजारीबाग टाउन, बरकाकाना होकर रांची स्पेशल। अतिरिक्त कोच: 18611/18612 रांची-बनारस और 18635/18636 रांची-सासाराम एक्सप्रेस में कोच बढ़ाए जाएं।
एसोसिएशन ने डीआरएम से आग्रह किया कि इन प्रस्तावों को दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय और रेलवे बोर्ड को भेजकर त्वरित स्वीकृति दिलाई जाए, ताकि त्योहारों पर घर लौटने वाले लाखों झारखंडवासियों को राहत मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित