मुरादाबाद , अगस्त 02 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पवित्र श्रावण मास कांवड़ के मौके पर रेल मंडल प्रशासन, स्काउट्स-गाइड्स और सिविल डिफेंस के सेवा समर्पण के संयुक्त प्रयास से कांवड़ियों का सफर इस बार आसान हुआ है।

श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 में सामाजिक समरसता और निस्वार्थ सेवा का अनूठा उदाहरण देखने को मिल रहा है, जहां अमीर-गरीब और छोटे-बड़े का भेद भूलकर हर कोई तन-मन-धन से श्रद्धालुओं की सहायता में जुटा हुआ है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने रविवार को बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं और रेल यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा सिविल डिफेंस, मुरादाबाद मंडल की टीमें जरुरतमंदों की सहायता के लिए चौबीसों घंटे सक्रिय रूप से सक्रिय हैं। टीमों के स्वयंसेवक स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्मों पर भारी भीड़ के बीच यात्रियों को ट्रेनों में सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से चढ़ने-उतरने में सहयोग कर रहे हैं। इसके साथ ही वृद्धजनों, दिव्यांगों, महिलाओं और अन्य जरूरतमंद यात्रियों को व्हीलचेयर की सुविधा देते हुए उन्हें प्लेटफॉर्म और फुटओवर ब्रिज के माध्यम से उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है। "मे आई हेल्प यू" सहायता केंद्रों के जरिए यात्रियों को सही प्लेटफॉर्म व ट्रेनों की जानकारी देने, प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने और गंभीर स्थिति में चिकित्सा सेवाओं से समन्वय स्थापित करने में भी ये टीमें तत्पर हैं।

भीषण गर्मी और भारी बारिश, भूख-प्यास की परवाह न करते हुए दोनों टीमों के स्वयंसेवक पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा कार्यों में जुटे हैं। उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल पूरे श्रावण मास के दौरान सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से सभी जरूरी व्यवस्थाएं निरंतर 24 घंटे सुनिश्चित की जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित