मुरादाबाद , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने रेल परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे रेल अवसंरचना और अधिक मजबूत होगी।
शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन का शनिवार को निरीक्षण करते हुए मंत्री ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।
निरीक्षण में स्टेशन भवन, सर्कुलेटिंग एरिया, सेकंड एंट्री गेट और फुट ओवर ब्रिज सहित कई विकास कार्यों का जायजा लिया गया। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यों को तेज गति से पूरा करने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन पुनर्विकास के तहत लिफ्ट, एस्केलेटर, प्लेटफॉर्म विस्तार और फुट ओवर ब्रिज जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 एवं 6 को ऊंचा करने और उनकी सतह सुधारने का कार्य भी स्वीकृत हो चुका है। पर्यावरण संरक्षण के लिए स्टेशन परिसर में ईवी चार्जिंग स्टैंड स्थापित किया गया है, जबकि जल आपूर्ति के लिए ओवरहेड टैंक और स्वचालित क्लोरीनेशन प्लांट लगाए जा रहे हैं। सुरक्षा के लिहाज से समपारों को समाप्त कर लिमिटेड हाइट सबवे (एलएचएस) बनाए जाने, रेलवे लाइन के किनारे फेंसिंग और पुलों के सुदृढ़ीकरण जैसे कार्य भी प्रगति पर हैं।
मंत्री और सांसद ने कार्यों की प्रगति पर संतोष जताते हुए सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित