कपूरथला , अक्टूबर 28 -- रेल कोच फैक्टरी (आरसीएफ), कपूरथला में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

छब्बीस अक्टूबर से एक नवंबर तक चलने वाले इस सप्ताह का उद्देश्य सार्वजनिक जीवन में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक आचरण को बढ़ावा देना है।

आरसीएफ के महाप्रबंधक अजय नंदन ने बुधवार को अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता की शपथ दिलाई। इस दौरान सरकारी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने, नैतिक मूल्यों का पालन करने और भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

सप्ताह के तहत आरसीएफ सांस्कृतिक सोसायटी ने भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से नैतिक निर्णय लेने, पारदर्शिता बनाए रखने और भ्रष्ट आचरण के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर भ्रष्टाचार मुक्त समाज और सत्यनिष्ठा का संदेश फैलाने के लिए जागरूकता रैली भी निकाली गई। महाप्रबंधक अजय नंदन ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेटों तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों ने भाग लिया। रैली आरसीएफ कार्यशाला से होकर गुजरी और लोगों को ईमानदारी तथा भ्रष्टाचार की रोकथाम में सामूहिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया।

मुख्य सतर्कता अधिकारी विनोद पाल के नेतृत्व में आरसीएफ के सतर्कता विभाग ने परिसर के विद्यालयों, कार्यालयों और कार्यस्थलों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। परिसर के प्रमुख स्थानों पर सतर्कता संबंधी संदेशों वाले बैनर और पोस्टर लगाए गए। अधिकारियों, कर्मचारियों और आगंतुकों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष सेल्फी स्थल भी बनाया गया।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी और व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में सत्यनिष्ठा अपनाने का संदेश दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित